चकलवंशी। आसीवन थानाक्षेत्र के मुरव्वतपुर के निकट तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मियागंज सीएचसी लाया गया। हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां डाक्टर ने दो को मृत घोषित कर दिया। एक का इलाज चल रहा है।
मुरव्वतपुर गांव निवासी सोनू (28) पुत्र वासुदेव सोमवार को पिडना गांव निवासी मामा शिवकुमार के यहां गया था। यह देर रात यह मामा शिवकुमार के लड़के जयशंकर व पड़ोसी संतोष पुत्र संतान के साथ वापस मुरव्वतपुर लौट रहा था। लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर मुरव्वतपुर मोड़ के निकट तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को स्वास्थ्य केंद्र लाई। हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। देर रात जयशंकर (24) व सोनू (30) ने दम तोड़ दिया। संतोष की हालत गंभीर है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जयशंकर बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र था। वहीं सोनू के परिवार में पत्नी मंजू के अलावा बच्चों में रोहित (7), सोनम (5), दीपांशु (3) व प्रियांशी (एक माह) हैं।
नवाबगंज प्रतिनिधि के अनुसार अजगैन कोतवाली के मुंशीगंज मार्ग पर लसेढ़ापुल के निकट अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में कोतवाली के ही गांव दिरगजखेड़ा निवासी मुन्ना (55) पुत्र महावीर की घटनास्थल पर मौत हो गई। मुन्ना की मौत से पत्नी श्यामा व दो बच्चे रो-रोकर बेहाल हैं। मृतक दो भाइयों में छोटा था।