उन्नाव। बांगरमऊ ब्लॉक के एक प्राथमिक स्कूल में तैनात शिक्षक से निर्वाचन कार्यालय का कर्मचारी बन साइबर ठग ने एप डाउनलोड कराकर खाते से 50 हजार रुपये पार कर दिए। फोन पर रुपये निकलने का मैसेज आने पर इसकी जानकारी हुई। दोबारा फोन मिलाया तो फोन स्विच ऑफ बताने लगा। पीड़ित ने बैंक की हेल्पलाइन नंबर और पुलिस के साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है।
अरगूपुर प्राथमिक स्कूल में तैनात इंचार्ज शिक्षक रमेश कुमार के फोन पर साइबर ठग ने फोन कर अपने को कलक्ट्रेट स्थित निर्वाचन कार्यालय का कर्मचारी बताया। कहा कि स्कूल में तैनात शिक्षामित्र सीमा सिंह व शैलेंद्री देवी बीएलओ हैं। इन दोनों बीएलओ से वोटरों के वेरीफिकेशन कर बताओ। शिक्षक ने कहा कि बीएलओ से पूछकर वापस फोन करता हूं। साइबर ठग ने उनसे दोबारा फोन न करने की बात कही। कहा कि जानकारी करने के बाद अपने मोबाइल पर ऐनी डेस्क एप डाउनलोड करो। उसी से वेरीफिकेशन हो जाएगा। शिक्षक ने जैसे ही एप डाउनलोड किया एक घंटे के अंतराल में उसके खाते से 50 हजार रुपये कट गए। मोबाइल पर मैसेज आने के बाद उसे जानकारी हुई।