मजदूर की मौत पर जाम लगाए ग्रामीण व मौजूद पुलिस। संवाद
- फोटो : UNNAO
बांगरमऊ। ग्राम अतरधनी में सोमवार सुबह लकड़ी बीनने गए मूकबधिर मजदूर की टूटी पड़ी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर मौत हो गई। घटना से गुस्साए परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर जाम लगाकर हंगामा किया। एसडीएम व पुलिस के समझाने पर ग्रामीण अवर अभियंता को बुलाने और मुआवजे की मांग पर अड़ गए। अवर अभियंता ने 20 दिन में पांच लाख की चेक देने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए। इस दौरान तीन घंटे बाद जाम खुल सका।
अतरधनी निवासी 35 वर्षीय मजदूर नूरहसन मूकबधिर था। सोमवार सुबह खेत में लकड़ी बीनने गया था। गांव के अबरार के खेत में पहुंचने पर पहले से टूटी पड़ी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। मूकबधिर होने से वह चिल्ला भी नहीं सका। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। खेत में काम कर रहे रहमत ने कुछ देर बाद उसे खेत में तार की चपेट में देखा तो परिजनों को जानकारी दी। ग्राम प्रधान सावित्री देवी ने विद्युत आपूर्ति बंद कराई। गुस्साए परिजन व ग्रामीणों ने बांगरमऊ-लखनऊ मार्ग पर पेड़ की डालें डालकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया। एसडीएम अंकित शुक्ल, सीओ विक्रमाजीत सिंह, सीओ हसनगंज राजकुमार शुक्ला मौके पर पहुंचे। परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। परिजनों ने विद्युत विभाग के तकिया फीडर के अवर अभियंता डीसी जायसवाल को बुलाने की मांग की।
मौके पर पहुंची अवर अभियंता ने मृतक के परिवार को विभाग की ओर से मिलने वाली पांच लाख की मदद 20 दिन के अंदर दिलाने की बात कही। एसडीएम ने श्रम कार्ड से मिलने वाली राशि दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद परिजन सड़क से हट गए। इस दौरान चार किमी दूर तक जाम लगा रहा। पुलिस ने मशक्कत के बाद आवागमन शुरू कराया। मजदूर की मौत से उसकी मां जाहिरा के सामने रोजी का संकट आ गया है।