अचलगंज। उन्नाव-रायबरेली राजमार्ग पर तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डीसीएम छोड़कर भाग निकला। युवक पीलिया की दवा लेने के लिए बाइक से बारासगवर जा रहा था। मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
पोटरिहा गांव निवासी शिवाकांत (25) पुत्र राजेंद्र यादव कई दिन से पीलिया से पीड़ित था। शुक्रवार सुबह वह दवा लेने के लिए बाइक से बारासगवर के बालाकटरी गांव जाने के लिए निकला। उन्नाव-रायबरेली राजमार्ग पर कोकारी मोड़ के पास तेज रफ्तार डीसीएम ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में शिवाकांत गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दरोगा राजेश दीक्षित ने बताया कि शिवाकांत हेलमेट नहीं पहने था। सिर में गंभीर चोट से उसकी मौत हुई है। शिवाकांत की शादी एक माह पहले बारासगवर के कर्मी गढ़ेवा में सुनीता के साथ हुई थी। अभी हाथों की मेंहदी का रंग फीका भी न पड़ा था कि सिंदूर उजड़ने से वह बेहाल हो गई। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। उसकी मौत से अन्य परिजनों का भी रोकर बुरा हाल है।