फतेहपुर चौरासी। सैंता गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पत्नी का आरोप है कि गांव के दो लोग उसे रात में मृत अवस्था में बाइक से लाकर घर छोड़ गए। वह उलाहना देने दोनाें के घर पहुंची तो उन्होंने जान से मारने की धमकी दी।
ग्राम सैंता निवासी 48 वर्षीय अनीस पर डकैती व एनडीपीएस के दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसकी हिस्ट्रीशीट भी खोली थी। बुधवार रात अनीस की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पत्नी सलमा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बुधवार शाम पति घर से निकला था। रात 9 बजे गांव के दो लोग उसे बाइक से घर पर मृत हालत में छोड़कर चले गए। पति को मृत देख वह दोनों के घर उलाहना देने पहुंची तो उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक राय सिंह ने बताया कि पहले पत्नी ने सुगर का मरीज बता सुबह चारपाई पर पति के मृत हालत में मिलने की जानकारी दी। बाद में हत्या की तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। सितंबर 1994 में डकैती व 1995 में एनडीपीएस के बाद से उसके खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। हालांकि डकैती में शामिल होने पर उसकी हिस्ट्रीशीट खोली गई थी।