सोनिक। सऊदी अरब जाने की तैयारी कर रहे युवक ने आधार न बनने पर फांसी लगाकर जान दे दी। मां का आरोप है कि यदि आधार कार्ड बनाने वाले बेटे को न दौड़ाते तो वह इतना बड़ा कदम नहीं उठाता। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।
सरांय कटियान गांव निवासी 19 वर्षीय राजेंद्र का शव मंगलवार सुबह घर के बाहर बबूल के पेड़ से लटका मिला। तड़के पांच बजे घर से बाहर निकला विश्वनाथ बेटे का शव लटका देख बेहाल हो गया। मां विमला देवी ने बताया सोमवार को राजेंद्र आधार बनवाने के लिए घर से निकला था। शाम को आया तो बेहद परेशान था। उसने आधार न बन पाने की बात कही। खाना खाने के बाद कमरे में सोने चला गया। सुबह शॉल का फंदा बना पेड़ से लटककर जान दे दी।
मां ने आधार न बन पाने से परेशान होकर बेटे द्वारा आत्महत्या करने की बात कही है। मृतक छह भाई व बहनों में पांचवें नंबर का था। बहनों की शादी हो चुकी है। वह अभी अविवाहित था। एसओ ब्रजमोहन सैनी ने बताया कि परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।