उन्नाव। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से कार सवार चार व्यापारियों की मौत हो गई। मृतकों में चाचा, भतीजा और दो चचेरे भाई शामिल हैं। कार में बैठा बच्चा घायल हो गया। अमरूद खरीदने के लिए कार रोकते समय हादसा हुआ। टक्कर मारकर भागे ट्रक चालक को कानपुर चकेरी पुलिस ने पकड़ लिया है। हादसे से परिवार में त्योहार के दिन मातम मच गया।
हसनगंज कस्बा निवासी कृषि बीज व कीटनाशक विक्रेता शिवनारायण गुप्ता (45) अपने भतीजे कपड़ा व्यवसायी विजय गुप्ता (40), परिवार के ही ट्यूबवेल व पंपसेट उपकरण विक्रेता बलराम गुप्ता (56) और उनके चचेरे भाई लोहा व्यापारी रमेश गुप्ता (35) के साथ खरीदारी के लिए बुधवार शाम चार बजे कार से कानपुर जा रहे थे। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर गंगाघाट थानाक्षेत्र के कल्लूपुरवा गांव के सामने सड़क किनारे कुछ महिलाएं अमरूद बेच रही थीं। अमरूद खरीदने के लिए कार रोकते ही ट्रक टक्कर मारते हुए निकल गया। तेज टक्कर लगने से कार खंती में चली गई। चारों व्यापारियों की मौके पर ही मौत हो गई। कार में बैठा मृतक रमेश का भांजा 14 वर्षीय आराध्य उर्फ आदर्श घायल हो गया। आधार कार्ड व ड्राइविंग लाइसेंस की मदद से पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। व्यापारियों के पास से पुलिस को एक लाख से अधिक की नगदी भी मिली है।
बलराम का फाइल फोटो। संवाद- फोटो : UNNAO
शिवनारायण गुप्ता। संवाद- फोटो : UNNAO