उन्नाव। अवैध लकड़ी कटान में लिप्त लोगों से पुलिस द्वारा उगाही कर छोड़ने का एक मामला सुर्खियों में आया है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में रुपयों की गड्डी लिए एक युवक एसओ के पास खड़ा दिख रहा है। चर्चा है कि पूर्व में लकड़ी लदा लोडर छोड़ने के नाम पर पुलिस ने रुपये लिए थे। दबाव पर रुपये लौटाए। तभी किसी ने वीडियो बना लिया।
सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावे के अनुसार आसीवन थाना पुलिस ने 20 दिन पहले एक लकड़ी से भरा लोडर पकड़ा। लोडर को थाना लाकर पुलिस ने कार्रवाई कर दी। लकड़ी कटाने में शामिल युवक ने पुलिस से लोडर छोड़ने की बात कही तो उससे 17 हजार रुपये की उगाही की गई। रिश्तेदार को जब पुलिस द्वारा की गई उगाही की जानकारी मिली तो उसने एसओ अनुराग सिंह से मिलकर उच्चाधिकारियों से इसकी शिकायत करने की बात कही।
एसओ ने थाने के मुंशी को बुलाकर लिए गए रुपये लकड़ी कटान में शामिल युवक को वापस करवाए। इसी दौरान किसी ने एसओ के बगल में नोटों की गड्डी लेकर खड़े मुंशी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। एसओ अनुराग सिंह ने बताया कि दो पक्षों के बीच रुपयों के लेनदेन का मामला था। पीड़ित पक्ष को रुपये वापस कराए गए थे। इसी दौरान किसी ने वीडियो बनाकर वायरल किया है। उगाही का आरोप गलत है। चर्चा है कि मामला दो पक्षों के बीच का था तो वीडियो में मुंशी हाथ में रुपये लिए एसओ के पास खड़ा क्यों नजर आ रहा है।