चकलवंशी। घर से तालाब के लिए निकले सिंघाड़ा कारोबारी का शव बाग में मिला। मुंह से झाग निकलता देख पुलिस ने जहर खाने की संभावना जता शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। गांव में पारिवारिक कलह में युवक के जहर खाकर जान देने की चर्चा है।
आसीवन थाना क्षेत्र के कनिगांव निवासी सुकरू (32) सिंघाडे़ की पैदावार कर बिक्री करने का व्यवसाय करता था। सोमवार शाम लगभग दो बजे घर से तालाब के लिए निकला था। लगभग तीन बजे गांव से लगभग एक किमी दूर रामबिलास के आम के बाग में उसका शव मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों की सूचना पर पहुंचे एसओ अनुराग सिंह ने मुंह से झाग निकलता देख जहर खाने की संभावना जता शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक पांच भाईयों में चौथे नंबर का था। बेटे की मौत से मां मोहिनी समेत अन्य परिजन बेहाल है।