पुलिस गिरफ्त में पकड़े गए लुटेरे। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। पुलिस ने मुठभेड़ में अंतरजनपदीय दो लुटेरों को दबोच लिया। एक भाग निकला। एसपी ने खुलासा करने वाली टीम को पुरस्कृत करने की बात कही है।
28 सितंबर को शारदा नहर के पास लुटेरों ने रामचंद्र नाम के एक युवक से मोबाइल, बाइक व 450 रुपये की लूट हुई थी। सोमवार को पुलिस ने घटना का खुलासा किया। एसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि रविवार रात थाना बेहटा मुजावर एसओ अमरनाथ यादव फोर्स के साथ बांगरमऊ के रेलवे अंडरपास पहुंचे। यहां खड़े बदमाशों ने पुलिस से खुद को घिरता देख फायरिंग की। पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को दबोच लिया। उनका एक साथी भाग निकला। पकड़े गए बदमाशों के पास लूटी गई दो बाइक, चार मोबाइल फोन, तमंचा, कारतूस व लूट के रुपये बरामद हुए।
पकड़े गए बदमाशों का बड़ा अपराधिक इतिहास है। शाहजहांपुर, हरदोई, सीतापुर सहित कई जिलों में गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के साथ सीसीटीवी फुटेज से घटना का खुलासा करने में मदद मिली। मौके से हिस्ट्रीशीटर अरुणेश निवासी सादखेड़ा फतेहपुर चौरासी व प्रद्युम्न उर्फ सुनीत निवासी बरेला थाना मझिला जनपद हरदोई को गिरफ्तार किया गया। हरदोई जिले के किलकली थाना पाली निवासी बदमाश बलराम भाग निकला। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने दोनों को जेल भेज दिया है। एसपी ने बताया कि लुटेरों को पकड़ने वाली टीम को 10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।