माखी के चक परेंदा गांव में छात्रा शिवानी के पिता रमेश व भाई सुनील से जानकारी लेते सीओ बांगरमऊ। सं?
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। दो दिन पहले इलाज के दौरान छात्रा की मौत के मामले में परिजनाें ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए अंतिम संस्कार से मना कर दिया। पिता व परिजन शिक्षक पर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग पर अड़ गए। देर शाम शिक्षक पर गैरइरातदन हत्या की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद परिजन शांत हुए। हालांकि सूर्यास्त होने का हवाला देकर बुधवार सुबह अंतिम संस्कार करने की बात कही।
चकपरेंदा निवासी रमेश यादव की 14 वर्षीय बेटी शिवानी यादव परेंदा गांव स्थित राजा विश्वनाथ सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा आठ की छात्रा थी। रविवार रात जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी। पिता रमेश यादव ने जरेलिया गांव निवासी शिक्षक समीर सिंह की पिटाई से बेटी की हालत बिगड़ने और मौत होने का आरोप लगाया था। पुलिस ने चार अक्तूबर को दो डॉक्टरों के पैनल व वीडियोग्राफी से छात्रा के शव का पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फेफेड़े खराब होने से मौत होने की पुष्टि हुई थी। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम रिपोर्ट को गलत बता अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। परिजनों ने शिक्षक पर रिपोर्ट दर्ज न किए जाने तक अंतिम संस्कार न करने की बात कही।
शाम पांच बजे सीओ बांगरमऊ आशुतोष गांव पहुंचे और परिजनों से वार्ता की। उन्होंने शिक्षक के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज किए जाने की जानकारी दी। आश्वासन दिया कि पोस्टमार्टम के दौरान हुई वीडियोग्राफी सभी को दिखाई जाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना में घर दिलाने का भरोसा दिया। एफआईआर की कॉपी मिलने पर परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।