उन्नाव। पांच साल पहले हाईवे पर कुरियर वैन के चालक की हत्या और गार्ड को घायल कर आठ किलो सोना लूट में जमानत पर छूटे शातिरों ने अब फिर लूट की कई घटनाओं को अंजाम दिया है। सर्विलांस की मदद से स्वॉट टीम ने पांच लोगों को उठाया है। बताया जा रहा है कि इन लोगों ने चेन स्नेचिंग व लूट की कई घटनाएं स्वीकार की है। जल्द ही पुलिस गिरोह के सदस्यों को सामने लाकर खुलासा करेगी।
29 अगस्त 2015 को गुजरात के अहमदाबाद की सिव्कल लॉजिस्टिक कुरियर कंपनी की वैन सोने के बिस्कुट लेकर लखनऊ जा रही थी। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर सोहरामऊ के बजेहरा के पास वैन के चालक हीराचांद व गार्ड को गोली मारकर लुटेरों ने आठ किलो सोने के बिस्कुट लूट लिए थे। यूपी एसटीएफ ने लखनऊ के मधुकर पांडेय, उसके भाई दिवाकर व माखी थाना क्षेत्र के कुछ लोगों को गिरफ्तार कर सोने के बिस्कुट बरामद किए थे। कोर्ट ने सभी को जेल भेजा था। जमानत पर छूटने के बाद माखी में रहने वाले लुटेरे फिर से जिले में लूट की घटनाओं को अंजाम देने लगे। इस बार वह चेन स्नेेचिंग व राह चलते लोगों से लूटपाट कर रहे हैं। हाल में शहर में हुई लूट के खुलासे में लगी स्वॉट व पुलिस ने सर्विलांस की मदद से ट्रेस कर पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बताया गया है कि शहर में लूट की कई घटनाएं कबूल की है। अभी इनसे पूछताछ चल रही है।