उन्नाव। धौकलखेड़ा गांव में अस्थाई गोशाला में अव्यवस्थाओं ने बच्ची की जान ले ली। कामचलाऊ स्थिति में लगाए गए
गोशाला के गेट का पिलर गुरुवार शाम अचानक गिर गया। मवेशी चराकर लौट रही 12 वर्षीय बच्ची पिलर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
पूरा निस्फपंसारी के मजरा धौकलखेड़ा गांव निवासी मोहन की 12 वर्षीय बेटी कक्षा पांच की छात्रा रेनू गुरुवार शाम पांच बजे मवेशी चराकर घर लौट रही थी। गांव के बाहर बने अस्थाई गोशाला के पास से निकलते समय अचानक गोशाला के गेट का पिलर टूटकर गेट समेत बच्ची पर गिर गया। मलबे में दबकर रेनू गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां रात नौ बजे उसकी मौत हो गई। कार्यवाहक एसओ कमल दुबे ने बताया कि अब तक परिजनों ने घटना की जानकारी नहीं दी है। तहरीर मिलने पर शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।