पाटन। एसटीएफ की दबिश में पकड़े गए लोगाें के पास से चार किलो गांजा मिलने पर पूछताछ के बाद बीघापुर पुलिस के हवाले कर दिया गया। बीघापुर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने चारों लोगों को जेल भेज दिया है।
10 दिन पहले बांदा व फतेहपुर के बीच पुलिस ने एक ट्रक से भारी मात्रा में गांजा पकड़ा था। जांच में पता चला कि अवैध कारोबार में अंतरराज्यीय गिरोह शामिल है। इस पर कानपुर की एसटीएफ सक्रिय हो गई। एसटीएफ की जांच में गिरोह के तार बारासगवर व बिहार के लोगों से जुड़े मिले। मंगलवार रात एसटीएफ ने बिहार थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव के मजरा झरिया मोहकमपुर, रामपुर व बारासवगर के धानीखेड़ा में दबिश दी। ट्रक मालिक अनुज सिंह, पनीर कारोबारी संदीप व इसी थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी एक युवक, धानीखेड़ा से विंदाप्रसाद व रवि को हिरासत में ले लिया। इनके पास से एसटीएफ ने गांजा बरामद किया। सभी को रात में ही बीघापुर थाना ले जाया गया और पूछताछ शुरू की गई। एसटीएफ सभी को बीघापुर पुलिस के सुपुर्द कर लौट गई। रामपुर से उठाए गए आरोपी को पूछताछ के बाद जाने दिया गया। एसओ बीघापुर जेबी पांडेय ने बताया कि आरोपियों के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।