अचलगंज। थानाक्षेत्र के एक गांव की 45 वर्षीय महिला ने गांव के युवक पर गमछे से गला कसकर जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। सीओ व एसओ ने मौके पर पहुंचकर जांच की। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए हैं।
महिला ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि शुक्रवार सुबह वह गांव के बाहर बाग में गई थी। वहां पहले से मौजूद गांव के मंगल ने उसे दबोच लिया और गले में गमछे का फंदा डालकर कसने लगा। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर गांव के लोग दौड़े तो आरोपी भाग निकला। पीड़ित महिला ने बताया कि आरोपी पर पहले भी कई आरोप लग चुके है। सीओ बीघापुर अंजनी राय व एसओ राघवन कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की। महिला के बयान लेने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म व जान से मारने की धमकी देने की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।