हाईवे पर अजगैन थाना क्षेत्र में काफिले की गाड़ी से टकराई राज्यमंत्री की कार। संवाद
- फोटो : UNNAO
नवाबगंज। कानपुर से लखनऊ जा रहे लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री की कार आगे चल रही काफिले की कार से टकरा गई। मवेशी को बचाने में काफिले में चल रही कार के अचानक ब्रेक लेने से हादसा हुआ। हादसे में राज्यमंत्री को मामूली चोट आई। दही थाना प्रभारी ने दूसरी कार से उन्हें लखनऊ पहुंचाया। इस दौरान हाईवे पर जाम के हालात बन गए। क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाने पर एक घंटे बाद आवागमन सामान्य हो सका।
लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय अपने काफिले के साथ सोमवार देर शाम कानपुर से लखनऊ लौट रहे थे। अजगैन के बिचपरी गांव के पास अचानक छुट्टा मवेशी काफिले में आगे चल रही कार के सामने आ गए। मवेशियों को बचाने में चालक के अचानक ब्रेेक लेने पर राज्यमंत्री की कार पीछे से काफिले की कार से टकरा गई। राज्यमंत्री के पीछे चल रही एक और कार पीछे से टकरा गई। जानकारी पर दही थाना प्रभारी गौरव कुमार आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और दूसरी कार से राज्यमंत्री को लेकर लखनऊ रवाना हो गए। क्षतिग्रस्त तीनों वाहनों को क्रेन की मदद से हटाया गया।