नवाबगंज। दरबारीखेड़ा गांव में युवक का शव फंदे से लटका मिला। शव लगभग 15 दिन पुराना होने से पूरी तरह खराब हो चुका था। पुलिस ने फील्ड यूनिट की मदद से जांच की। शव की पहचान नहीं हो सकी है।
गांव बिचपरी के मजरा दरबारीखेड़ा में गांव के राकेश के बाग में सोमवार को स्थानीय लोगों ने पेड़ में दुपट्टे से एक युवक का 15 दिन पुराना शव लटका देखा। दुर्गंध आने से कोई नजदीक जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। जानकारी पर पहुंची अजगैन कोतवाली पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। सुराग तलाशने के लिए फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया। खोजी कुत्ते से पुलिस को कोई मदद नहीं मिल पाई। युवक के पास से कुछ भी ऐसे दस्तावेज नहीं मिले, जिससे उसकी पहचान कराई जा सके। चेहरा व शरीर का काफी हिस्सा कंकाल में बदल चुका था। पहचान के लिए आसपास गांव के लोगों को बुलाया गया पर कोई पहचान नहीं कर सका। सीओ हसनगंज आरके शुक्ल ने बताया कि शव की पहचान के लिए जिले व आसपास के अन्य जिलों के थानों में सूचना भेजी गई है। शव की पहचान होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।