औरास। टिकराबाव गांव में रविवार की सुबह एक महिला का शव घर के अंदर कमरे में लटकता मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। महिला के पति व देवर को पुलिस पूछताछ के लिए थाने ले गई। महिला के पिता के कोई आरोप न लगाने पर बाद में दोनों को छोड़ दिया। एसओ ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।
औरास थाना क्षेत्र के टिकराबाव निवासी सोमित द्विवेदी की शादी पांच साल पहले सोनी द्विवेदी (28) से हुई थी। रविवार की सुबह ससुर कृष्ण गोपाल, देवर नीरज और वैभव खेत पर गए थे। सोनी का पति सोमित अपनी मां कामिनी का पथरी का इलाज कराने हरदोई के कोथावां कस्बा गया था। घर के बाहर दरवाजे पर खेल रहे बच्चे अंदर गए तो मां सोनी का शव कमरे में लटका देख शोर मचाया। देवर नीरज ने शव फंदे से उतारकर जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार तिवारी ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पूछताछ के लिए पति व देवर को थाने ले गए। मृतक के पिता फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के जुल्फिकारपुर गांव निवासी सुरील कुमार ने कोई आरोप नहीं लगाया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पिता के कोई आरोप न लगाने पर दोनाें को छोड़ दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।