चकलवंशी। रऊकरना-रसूलाबाद संपर्क मार्ग पर बाबाखेड़ा के पास खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली में बाइक पीछे से टकरा गई। हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई। वह हेलमेट नहीं लगाए था। सिर में चोट आने से उसकी मौत हो गई।
जंगलजहानाबाद निवासी बजरंगी (24) पुत्र मलखान मजदूरी कर जीवन यापन करता था। मंगलवार को वह रसूलाबाद बजार गया था। देर रात घर लौटते समय रसूलाबाद-रऊकरना मार्ग पर बाबाखेड़ा के पास तीन माह से सड़क घेरकर खड़ी ट्राली में पीछे से उसकी बाइक टकरा गई। हादसे में बजरंगी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पर पहुंचे परिजन शव देख बदहवास हो गए। उन्होंने ट्रैक्टर मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसओ राजेश सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।