बांगरमऊ। ग्राम भिखारीपुर कस्बा में मंगलवार दोपहर बाद रिहायशी भूमि को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। इसमें दोनों ओर से आठ लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी लाकर भर्ती कराया गया। पांच की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
रामजीवन ने पांच दिन पहले कोतवाली में ओमप्रकाश से जमीन के विवाद का प्रार्थनापत्र दिया था। मंगलवार दोपहर बाद पुलिस गांव पहुंचकर दोनों पक्षों की बात सुन समझौता कराने की बात की लेकिन ओमप्रकाश समझौते के लिए तैयार नहीं हुआ। पुलिसकर्मी दोनों पक्षों को थाने आने की बात कहकर वहां से चले आए। पुलिस के जाते ही ओमप्रकाश, उसके पुत्र रोहित, ज्ञान सिंह और उसकी पत्नी तपेश्वरी और रामजीवन के बीच विवाद शुरू हो गया। तभी रामजीवन पक्ष से आनंद कुमार, अवधेश कुमार, आनंद किशोर व जगदेवी भी आ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों, ईंटों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इसमें दोनों पक्षों के आठ लोग घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद रामजीवन पक्ष के आनंद कुमार, आनंद किशोर, अवधेश कुमार और ओमप्रकाश पक्ष से ज्ञान सिंह, रोहित को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। बांगरमऊ कोतवाली प्रभारी मुकुल प्रकाश वर्मा ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।