उन्नाव। महिला अधिवक्ता ने बार एसोसिएशन अध्यक्ष, पूर्व अध्यक्ष व महामंत्री समेत छह अधिवक्ताओं पर बलवा, छेड़छाड़, मारपीट, धोखाधड़ी समेत 10 गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसका आरोप है कि कोरोना काल में उसके सीनियर की मौत के बाद बार एसोसिएशन अध्यक्ष ने गलत तरीके से उनके चेंबर पर कब्जा कर दूसरे वकील को आवंटित कर दिया गया। विरोध करने पर मारपीट व छेड़छाड़ की। पुलिस ने जांच शुरू की है।
महिला अधिवक्ता का आरोप है कि वह अधिवक्ता दिनेश गौरव के साथ पांच वर्ष से कचहरी कंपाउंड हाता स्थित उनके चेंबर में विधि कार्य कर रही थी। कुछ दिनों पहले अधिवक्ता दिनेश गौरव कोविड संक्रमण की चपेट में आ गए। 3.50 लाख रुपये कर्ज लेकर उसने अधिवक्ता का इलाज कराया। 29 अप्रैल को उनका निधन हो गया। बार एसोसिएशन अध्यक्ष रामशंकर यादव, जितेंद्र सिंह, पूर्व बार अध्यक्ष दीप नारायण त्रिवेदी, संगीता गौरव, अमित गौरव व दिनेश यादव के दबाव में घर वालों से यह पैसा नहीं मिल सका। 12 जून को सुबह छह बजे संगीता गौरव, अमित गौरव व दिनेश यादव उसके घर पहुंचे और पिता को धमकाया। गोली मरवाने तक की धमकी दी। सहमे पिता की हृदयगति रुकने से मौत हो गई।
18 जून को उसके चेंबर में घुसकर अध्यक्ष समेत अन्य ने उसके साथ मारपीट और छेड़छाड़ की। अन्य वकीलों ने किसी तरह उसे बचाया। 23 जून को सभी ने बल पूर्वक चेंबर का ताला तोड़कर 40 फाइलें, कीमती कागजात व 700 रुपये लूट लिए। 26 जून को कचहरी पुल के नीचे सुबह 10 बजे संगीता व अमित गौरव ने मारपीट की और जहर खिलाकर हत्या का प्रयास किया। 10 जुलाई की शाम रामशंकर यादव, दिनेश गौरव व अमित गौरव ने गाली-गलौज की। दिनेश यादव ने तमंचा दिखा छेड़छाड़ की और कहीं भी शिकायत करने पर दुष्कर्म करने की धमकी दी। पुलिस ने बार एसोसिएशन अध्यक्ष रामशंकर यादव, जितेंद्र सिंह उर्फ जीतू, दीपनारायण त्रिवेदी, संगीता गौरव, अमित गौरव व दिनेश गौरव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि जांच की जा रही है।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष रामशंकर यादव ने बताया कि उनके व अन्य अधिवक्ताओं पर युवती द्वारा लगाए सभी आरोप फर्जी व मनगढ़ंत है। युवती बार की सदस्य भी नहीं है। वह दिनेश गौरव के चेंबर पर कब्जा करना चाहती है। उनके निधन के बाद उनके बेटे अमित गौरव को चेंबर आवंटित कर दिया गया है। युवती को यह आश्वासन दिया गया था कि उसे बैठने के लिए कुछ जगह का प्रबंध करा दिया जाएगा। बुधवार सुबह बार एसोसिएशन कैंपस में पदाधिकारियों के साथ बैठक में आगे की रणनीति तैयार कर डीएम व एसपी से मिलकर निष्पक्ष जांच की मांग की जाएगी।