पुरवा। चोरों ने सौर ऊर्जा की दुकान से 11 बैटरी व चार इनवर्टर पार कर दिए। दो चोरों की तस्वीर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव निवासी ब्रजेश शनिवार शाम दुकान बंद कर घर चला गया। देर रात चोरों ने शटर का ताला तोड़कर 11 बैटरी व 4 इनवर्टर पार कर दिए।
सुबह घटना की जानकारी पर दुकान स्वामी ब्रजेश पहुंचा। उसने लगभग एक लाख का माल चोरी होने की बात कही है। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में दो चोरों की तस्वीर कैद हुई है। दोनों अपने चेहरों पर गमछा बांधे हुए हैं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू की है।
इससे पहले 5 जनवरी को मंगतखेड़ा में टिल्लू साहू की किराना दुकान से लगभग एक लाख रुपये, 11 अप्रैल को राकेश की ज्वैलरी शॉप से लाखों की टप्पेबाजी व 18 अप्रैल को मंगतखेड़ा से चाय के होटल से लगभग 1.50 लाख का सामान पार होने की घटनाएं हो चुकी हैं। किसी भी घटना का अब तक पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है।