पुरवा/हसनगंज। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो युवकों के शव फंदे से लटके मिले। पुरवा कोतवाली के गांव रैपुरा में युवक का शव खेत में पेड़ से लटका मिला। वहीं, हसगंज के कुरौली गांव में युवक का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुरवा कोतवाली क्षेत्र के रैपुरा गांव के कुछ लोगों ने रविवार दोपहर गांव के करीब खेत में पेड़ से एक युवक का शव लटका देखा। पुलिस के काफी प्रयास के बाद युवक की शिनाख्त घटना स्थल से करीब 20 किलोमीटर दूर कुड़ेहरी गांव निवासी शिवबालक के पुत्र अर्पित के रूप में हुई।
पिता शिवबालक ने शव की शिनाख्त करने के बाद पुलिस को बताया कि अर्पित मानसिक रूप से बीमार था। मामा शिवकुमार ने बताया कि अर्पित की मां केतकी की 18 साल पहले मौत हो गई थी। पिता ने दूसरी शादी कर ली। पुरवा सीओ रघुवीर सिंह ने बताया कि कोई तहरीर नहीं मिली है। परिजन आत्महत्या बता रहे हैं। घटना की जांच की जा रही है।
उधर, हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के कुरौली गांव निवासी रामबाबू गौतम (34) का शव घर के पीछे बने कमरे में कुंडे में फंदे से लटकता मिला। रामबाबू तीन भाइयों में बीच का था।
बड़ा भाई विनोद व छोटा शिवकुमार बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। मृतक की 10 वर्ष पूर्व संदाना के साथ शादी हुई थी। पति, पत्नी में अनबन थी। पांच वर्ष पहले ही समझौता हुआ था। सीओ राजकुमार शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।