अचलगंज। तेज रफ्तार रोडवेज ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में घायल युवक की कानपुर हैलट अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठा दोस्त घायल हो गया। जिला अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। स्थानीय लोगों ने पीछा कर बस समेत चालक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। हादसे के वक्त बाइक चला रहा युवक हेलमेट नहीं लगाए था। सिर में गंभीर चोट से उसकी मौत हो गई।
बदरका निवासी विशाल (22) पुत्र श्यामलाल शुक्रवार रात बाइक से गांव के दोस्त 21 वर्षीय दीपक के साथ किसी काम से बंथर चौराहा जाने के लिए निकला। आजाद मैरिज लान के सामने पीछे से आ रही रायबरेली डिपो की बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने पीछा कर बस समेत चालक को पकड़ लिया। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। विशाल की हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया। कानपुर ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घायल दीपक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा हैं। मृतक विशाल तीन भाइयों में दूसरे नंबर का अविवाहित था।