बीघापुर। बीघापुर सीएचसी के सामने सोमवार रात हुए हादसे में दो दोस्तों की मौत पर हर आंख नम हो गई। हादसे के कुछ देर पहले दोनों दोस्त अन्य दोस्तों के साथ डीजे पर डांस कर रहे थे। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को शव घर पहुंचने पर परिवार में कोहराम मच गया।
अचलगंज कस्बा निवासी अजय वर्मा (25) सोमवार रात मोहल्ले के ही दोस्त अंकित रावत (24) के साथ बिहार थाना क्षेत्र के खरही रामपुर गांव निवासी दोस्त अंकित शुक्ला की जन्मदिन पार्टी में अकवाबाद के सामने स्थित एक ढाबा पर पहुंचा था। पार्टी में डीजे की धुन पर अजय व अंकित अन्य दोस्तों के साथ जमकर थिरके। कार्यक्रम खत्म होने के बाद रात 10 बजे अजय व अंकित रावत कार से घर को लौट रहे थे। बीघापुर पीएचसी के सामने सड़क किनारे पैदल जा रहे दो युवकों को टक्कर मारकर कार अनियंत्रित हो सड़क पर कई बार पलट गई। हादसे में अजय व अंकित की मौके पर ही मौत हो गई थी। पैदल जा रहे बीघापुर निवासी आर्यन पटेल की हालत गंभीर होने पर परिजन पहले कानपुर फिर लखनऊ लेकर गए हैं। अजय व अंकित की मौत की खबर मिलते ही पार्टी से घर पहुंचे अन्य दोस्त दोबारा घटनास्थल व जिला अस्पताल की ओर भाग पड़े। शव देख दोस्त बेहाल हो गए। परिवार में मातम पसर गया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचे तो परिजनों की चीख निकल गई। मृतक अजय अपने बड़े भाई निलय वर्मा के साथ गांव में ही ज्वैलरी की दुकान में बैठता था। वहीं अंकित कुमार कानपुर में पैथोलॉजी सेंटर में काम करता था। कोरोना के चलते वह घर पर ही था। अंकित का एक बड़ा रिशु व बहन अंजलि, अंकिता, प्राची हैं। भाई के शव से लिपटकर बहने बेहाल हो गईं। अंकित का अंतिम संस्कार गांव स्थित उसके खेत पर किया गया। अजय का अंतिम संस्कार जाजमऊ गंगाघाट में हुआ।