चकलवंशी। उन्नाव-संडीला मार्ग पर रामपुर मोड़ के पास प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर खंती में पलट गई। हादसे के वक्त बस में सवार 25 यात्री घायल हो गए। इनमें छह को गंभीर चोटें आई हैं। एक को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
उन्नाव से संडीला जा रही यात्रियों से भरी मिनी बस सोमवार शाम चार बजे आसीवन थानाक्षेत्र में रामपुर गांव के पास सामने अनियंत्रित होकर खंती में पलट गई। यात्रियों के अनुसार ट्रक को बचाने में चालक ने बस को कच्चे रास्ते में उतार दिया। बारिश के चलते पहिया फिसल गया और बस खंती में पलट गई। हादसे से बस में बैठे 25 यात्रियों में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने सभी को सीएचसी पहुंचाया। घायलों में सफीपुर के नरहदपुर निवासी श्याम तिवारी (24), आसीवन के सबहानीखेड़ा निवासी रामेश्वर (66) माखी के बकतौरीखेड़ा निवासी मुकेश (34), बनौनी निवासी रेनू देवी (22), माखी के डीहा गांव निवासी बंशीलाल (62), आसीवन के कस्बा हैदराबाद निवासी गुड़िया (46) को भर्ती कर लिया गया। अन्य को मरहम पट्टी कर घर भेज दिया गया। रेनू की हालत चिंताजनक देख जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे के बाद बस का चालक व परिचालक मौके से भाग निकला।