उन्नाव। ब्लॉक प्रमुख चुनाव नजदीक आते ही दावेदारों ने बीडीसी (क्षेत्र पंचायत सदस्य) पर दबाव बनना शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि अपने पाले में करने के लिए ही बीडीसी के पति और बीडीसी को अगवा किया गया। एसपी ने कहा कि किसी भी खतरे की स्थिति में बीडीसी की मांग पर सुरक्षा दी जाएगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के दौरान एसपी ने सभी जिला पंचायत सदस्यों को सुरक्षा के तौर पर दो गनर उपलब्ध कराए थे। एसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में बीडीसी सदस्यों की संख्या अधिक होने से सभी को सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई जा सकती है। मांग पर गनर उपलब्ध कराया जाएगा। उधर, एसपी आनंद कुलकर्णी के आदेश पर सभी थानों की पुलिस ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों के साथ बैठक की। इस दौरान पुलिस ने सभी से अपील की कि कोई भी चुनाव में समर्थन के लिए दबाव बनाता है तो पुलिस को सूचना दें। किसी को प्रलोभन में न फंसे। सदर कोतवाली में एएसपी शशिशेखर सिंह ने बैठक कर सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों के बीच अपने सुझाव रखे। उन्होंने असुरक्षा महसूस करने पर पुलिस की तत्काल मदद लेने की बात कही।
-