बांगरमऊ। लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर दो बाइकों की भिड़ंत में दो जिगरी दोस्तों समेत तीन की मौत से कोहराम मच गया। तीनों के परिजनों का रोकर बुरा हाल रहा। हादसे की जानकारी पाने वाले हर किसी की आंख नम हो गई।
मृतक मच्छन व शानू एक ही गांव में रहते थे। दोनों जिगरी दोस्त होने के साथ ही पिछले कई वर्षों से लकड़ी कटान का काम कर परिवार का गुजारा चलाते थे। शुक्रवार को भी दोनों एक साथ बाइक से लकड़ी कटान करने गए थे। घर लौटते वक्त सामने से आ रही बाइक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। मच्छन ने सीएचसी व शानू ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। दूसरी बाइक सवार बांगरमऊ के गोलकुंआ निवासी सुनील की ट्रामा सेंटर लखनऊ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। सुनील की मौत की सूचना पर परिजन बिलख उठे। मच्छन व शानू का शव देख परिजनों में कोहराम मचा रहा। सुनील तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। बड़े भाई संजू वह छोटे भाई शिवा के अलावा बहन ज्योति, माता गुड्डी देवी व पिता राशी गौतम का रोकर बुरा हाल रहा। मृतक अविवाहित सुनील लखनऊ मार्ग पर ग्राम तकिया चौराहा पर प्रिंटिंग प्रेस चलाता था। वहीं मृतक शानू की पत्नी आशिया बेगम व दो बच्चों इशरा, हमजा का भी रोकर बुरा हाल रहा।