फतेहपुर चौरासी। दुकान का सामान लेने बाइक से कानपुर जा रहे किराना व्यापारी को सरैया घाट गंगापुल पर बाइक सवार तीन लुटेरों ने रोका और तमंचा लगाकर 82 हजार रुपये लूट लिए। व्यापारी के विरोध करने पर मारपीट भी की। व्यापारी ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
नगर पंचायत फतेहपुर चौरासी के सुभाषनगर पश्चिमी निवासी अनिल कुमार राठौर क्षेत्र में फेरी लगाकर किराने का सामान बेचता हैं। बुधवार को वह बाइक से किराने का सामान लेने शिवराजपुर कानपुर नगर की मंडी जा रहा था। शाम पांच बजे कालीमिट्टी व शिवराजपुर मार्ग पर हिंदूपुर कटान के आगे सरैया घाट गंगा नदी पुल के पास पीछे से आए बाइक सवार तीन लुटेरों ने उसकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। बाइक से उतरे दो बदमाशों में एक ने व्यापारी के तमंचा लगा दिया। व्यापारी के विरोध करने पर मारपीट की और उसकी जेब में रखे 82 हजार रुपये लूट लिए। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर लुटेरे शिवराजपुर की ओर भाग निकले। अनिल कुमार के अनुसार घटना के बाद उसने थाना शिवराजपुर क्षेत्र में खड़ी डायल 112 को जानकारी दी। उन्होंने फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र की घटना बता उसे चलता कर दिया। सीओ बीनू सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। प्रभारी निरीक्षक जावेद अख्तर को जांच कर कार्रवाई के लिए कहा है।