उन्नाव। पुरवा कोतवाली व बारासगवर थाना क्षेत्र में दो युवकों के शव फंदे से लटके मिले। शव देख परिजन बेहाल हो गए। परिजनों ने पुलिस को आत्महत्या की तहरीर दी है, लेकिन कारण स्पष्ट नहीं कर सके। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।
भूपतिपुर गांव निवासी ब्रजलाल के अनुसार उसका 20 वर्षीय बेटा गुड्डू गुरुवार दोपहर जानवर चराने खेत की ओर गया था। शाम 6 बजे गांव के लोगों ने घर से 300 मीटर की दूरी पर उसका शव आम के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी से लटका होने की जानकारी दी। पिता ने पुलिस को बताया कि बेटा नशे का लती था। उसने फांसी लगाकर जान दे दी। हालांकि पिता खुदकुशी का कारण स्पष्ट नहीं कर सका। मृतक तीन भाइयों से सबसे छोटा था। बेटे का शव देख मां प्यारा का रोकर बुरा हाल रहा।
कोडराबख्तखेड़ा निवासी सुधीर कुमार (22) पुत्र राधेलाल का शव गुरुवार दोपहर खेत में स्थित आटा चक्की में संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला। मृतक के भाई सुभाष चंद्र ने बताया कि सुधीर गुरुवार सुबह 9.30 बजे घर से चक्की पर गया था। बारिश होने की वजह से घर से कोई चक्की पर नहीं गया। घर से कई बार सुधीर को फोन किया गया पर उसका फोन नहीं उठा। बारिश बंद होने के बाद 3.30 बजे वह चक्की पहुंचा तो सुधीर का शव रस्सी के सहारे चक्की के अंदर लटका मिला।