बीघापुर में बाइक को टक्कर मारने के बाद खंती में पलटा पड़ा लोडर
- फोटो : UNNAO
बीघापुर। बेहटा भवानी स्थित सब्जी मंडी के पास अनियंत्रित लोडर एक बाइक को टक्कर मारता हुआ खंती में पलट गया। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत और पीछे बैठा भांजा घायल हो गया। वह बहन की चौथी लेकर उसकी ससुराल जा रहा था। शव देखकर परिजन बदहवास हो गए।
बारासगवर थाना क्षेत्र के गंगानगर निवासी अशोक कुमार लोधी (18) की छोटी बहन सोनम की शादी चार दिन पहले पुरवा कोतवाली के कटहर गांव निवासी बचोले के साथ हुई थी। गुरुवार को वह अपने भांजे अजय (18) के साथ बहन की चौथी लेकर बाइक से उसकी ससुराल जा रहा था। बीघापुर थाना क्षेत्र के बेहटा भवानी गांव स्थित सब्जी मंडी के पास गढ़ाकोला की ओर से आ रहे लोडर ने बाइक को टक्कर मार दी और खंती में पलट गया। बाइक चला रहे अशोक की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठा भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था। बड़ी बहन बुधनी पुरवा थाना क्षेत्र के गढ़ाकोला में ब्याही है। उसके पड़ोस के गांव कटहर में ही छोटी बहन की शादी हुई थी। हादसे के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गई। अशोक की मौत से मां फुलवासा व अन्य परिजनों का रोकर बुरा हाल है।