चकलवंशी कस्बे में लगे जाम में फंसी एंबुलेंस।
- फोटो : UNNAO
चकलवंशी। चकलवंशी चौराहे पर सड़क तक फैले अतिक्रमण से जाम लग गया। कुछ वाहन सवारों ने आड़े-तिरछे ढंग से गाड़ियां निकालने का प्रयास किया तो जाम और लंबा हो गया। कुछ ही देर में तीन किमी तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में कई एंबुलेंस व स्वास्थ्य टीम भी फंस गई। पुलिस ने दो घंटे बाद जाम खुलवाया।
चकलवंशी चौराहा अति व्यस्त रहता है। चौराहे पर विभिन्न प्रकार की सैकड़ों दुकानें है। दुकानदारों ने सड़क की पटरी पर अतिक्रमण फैला रखा है। इससे चालकों को आमने-सामने दो बड़े वाहनों को निकालने में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। आठ से दस बजे के बीच बालू, मौरंग, गिट्टी, आम से लदे वाहनों की संख्या बढ़ जाती है। जल्दी निकलने की होड़ में जाम लग जाता है। देखते-देखते कई किमी लंबी वाहनों की कतार लग जाती है। मंगलवार को सुबह आठ बजे से वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लिंक मार्गों से डायवर्जन कराया। इस बीच तीन किमी तक लंबी वाहनों की कतार लग गई। इसमें टीकाकरण के लिए जा रही स्वास्थ्य विभाग सफीपुर की टीम फंस गई। एंबुलेंस भी फंसी रही। यह एंबुलेंस हैलट अस्पताल से एक शव लेकर जा रही थी।