फतेहपुर चौरासी। जमीन की रंजिश में चचेरे भाई ने 55 वर्षीय किसान पर डंडाें से वार कर मार डाला। मृतक के बेटे की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। किसान की मौत से परिवार में मातम पसरा है।
खैरीगुरुदासपुर के मजरा निबिहनखेड़ा निवासी पोहकरलाल पाल (55) बुधवार को झूलूमऊ व कोरटखेड़ा के बीच टेंढुवा तालाब के पास भैंस चरा रहा था। साथ में चचेरा भाई पप्पू पाल भी भैंस चरा रहा था। दोपहर ढ़ाई बजे पप्पू ने पोहकर के सिर व गर्दन पर डंडों से कई वार कर उसकी हत्या कर दी। मृतक के बेटे मुकेश पाल ने बताया कि वह पिता को खाना देने गया तो देखा कि चचेरे चाचा उसके पिता को डंडों से पीट रहे थे। पिता को बचाने के लिए शोर मचाया तो पप्पू वहां से निकल गया।
मुकेश ने बताया कि उसके बाबा मैकू के दो बेटे पोहकर व गंगाराम हैं। मैकू के भाई होरीलाल का बेटा पप्पू सात भाई हैं। पुस्तैनी जमीन में आधे में दो और आधे में सात हिस्सेदार हो गए। इससे पप्पू के हिस्से में कम जमीन आई। इस कारण वह पोहकर व गंगाराम से रंजिश मानता था। पूर्व में भी वह पोहकर व गंगाराम को पीट चुका है। मृतक के एक बेटा व तीन बेटियां हैं। सभी विवाहित है। पोहकर की मौत से पत्नी चंद्रकांती का रोकर बुरा हाल रहा। सीओ बीनू सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे की तहरीर पर आरोपी पप्पू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।