पुरवा। खूड़ी गांव में युवक की धारदार हथियार से हत्या कर शव खेत में फेंकने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया। युवक की हत्या की साजिश उसकी प्रेमिका ने मंगेतर व उसके पिता के साथ मिलकर रची थी। पुलिस के अनुसार शादी तय होने के बाद भी प्रेमी (मृतक) युवती पर शादी का दबाव बना रहा था। इसी से परेशान होकर उसने हत्या की साजिश रच डाली। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। वहां से जेल भेज दिया गया।
विसुनपुर गांव निवासी शिवकुमार उर्फ कल्लू का शव बिछिया-9 जून को चमरौली मार्ग के किनारे संतोष यादव के खेत में पाया गया था। मृतक के पिता कमलेश ने खूड़ी गांव की रीतू पुत्री श्रीपाल व मृतक के गांव के प्रेमकुमार (रीतू के मंगेतर) समेत अन्य अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी। दोनों अपने बयान में पुलिस को तीन दिन तक उलझाए रहे। पुलिस ने रीतू व मृतक शिवकुमार व उसके मंगेतर के बीच हुई फोन वार्ता की कॉल डिटेल निकलवाई। कॉल डिटेल सामने आने के बाद दोनों नामजद आरोपी टूट गए। पुलिस के अनुसार रीतू से शिवकुमार का कई साल से प्रेमप्रसंग चल रहा था। इसी बीच रीतू के परिजनों ने उसकी शादी मृतक के गांव में रहने वाले प्रेमकुमार से तय कर दी। जुलाई महीने में दोनों की शादी थी।
शादी तय होने की बात जानने के बाद भी शिवकुमार रीतू पर शादी करने का दबाव बना रहा था। रीतू ने शिवकुमार से छुटकारा पाने के लिए मंगेतर की मदद से हत्या की योजना बनाई। 8 जून की शाम को रीतू ने शिवकुमार को फोन कर घर बुलाया। रीतू का मंगेतर प्रेम कुमार व उसका सौतेला पिता गोविंद पहले से तालाब के पास छिपे थे। रीतू के घर जाने के दौरान शिवकुमार ने प्रेमकुमार व उसके सौतेले पिता को देख लिया और भाग पड़ा। गोविंद ने पैर मारकर गिरा दिया। इसके बाद प्रेमकुमार ने कुल्हाड़ी व गोविंद ने पेचकश से ताबड़तोड़ वार कर शिवकुमार की हत्या कर दी और शव सुनील के खेत मे फेंक दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल्हाड़ी, पेचकस व तीन मोबाइल बरामद किए हैं।