फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वन विभाग की पांच टीमें नहीं पकड़ सकीं तेंदुआ

विज्ञापन
विज्ञापन
फतेहपुर चौरासी। ग्राम पंचायत सकरौली में छह लोगों को घायल करने वाले तेंदुए की तलाश में वन विभाग की पांच टीमों ने 15 गांवों में कांबिंग की। दिननभर पसीना बहाने के बाद भी पकड़ना तो दूर टीमों को तेंदुआ दिखा तक नहीं। मंगलवार को मजरा बंगला के जंगल में दिखे तेंदुए के बुधवार को डेढ़ किमी दूर पंजे के निशान दिखे हैं। हालांकि यह निशान कटरी से बंगला गांव की तरफ आने के हैं। ग्रामीणों को रात के समय खेतों की तरफ न जाने और घर में ही रहने को कहा गया है।
विज्ञापन

मंगलवार को सकरौली ग्राम पंचायत के मजरा बंगला के पास दोपहर में करन सिंह के पिपरमिंट के खेत पास तेंदुए ने 10 साल के बच्चे ब्रजेश, अनिल कुमार, कमलू, मेहताब, मुकेश और रैना पर हमला कर घायल कर दिया था। इससे धन्नाखेड़ा, हुलासी खेड़ा, गड़रियन खेड़ा, मल्हापुर गांव के लोग भी सहमे हैं। वन विभाग की टीम ने बुधवार सुबह चार बजे तेंदुए की तलाश शुरू कर दी। क्षेत्रीय वन अधिकारी सुरेश कुमार सिंह, वन दरोगा एके अवस्थी, पप्पू यादव, राजीव कुमार, टीम के साथ जंगल, झाड़ियों व खेतों में तेंदुए को खोजते रहे। तेंदुआ कहीं नहीं दिखा। डीएफओ ईशा तिवारी के निर्देशन में वन विभाग की पांच टीमों ने जामड़, माढ़ापुर, मल्हापुर, हरदासपुर मल्लाहनपुरवा सहित 15 गांवों में तेंदुए की तलाश की। वन विभाग को आशंका है कि तेंदुआ रात के अंधेरे में कहीं दूर निकल गया है।
तेंदुए की दहशत में ग्रामीण मंगलवार रात सो नहीं सके। बुधवार को ग्रामीण खेतों की तरफ नहीं गए। महिलाएं और बच्चे घर में ही रहे। चरवाहे मवेशी चराने भी नहीं निकले। लोगों में तेंदुए के हमले का डर है। वन अधिकारियों ने ग्रामीणों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। खेतों की तरफ न जाने को कहा है।
विज्ञापन

डीएफओ ईशा तिवारी ने बताया कि मल्हापुर गांव के पास एक खेत में तेंदुए के पैर के निशान दिखे हैं। अनुमान है कि यह निशान मंगलवार के हैं। लग रहा है कि तेंदुआ मल्हापुर से होते हुए ही बंगला गांव तक गया है। पानी व शिकार की उपलब्धता होने से तेंदुए अक्सर नदी के आसपास जंगल में रहते हैं। उन्होंने बताया कि तेंदुआ (लेपर्ड) एक दिन में करीब 40 से 50 किमी दूरी तय कर लेता है। वह 80 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकता है। संभावना है कि तेंदुआ इस क्षेत्र से दूर चला गया हो। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं है। इसलिए टीमें तैनात कर दी गईं हैं।
विज्ञापन

---
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें