पुरवा। सलेथू गांव में 25 दिन पहले सात वर्षीय बालक की रंजिशन हत्या में पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर हत्यारोपी चचेरे भाई के माता-पिता को भी गिरफ्तार किया है। कोर्ट ने दोनों को जेल भेजा है। पुलिस का दावा है कि हत्यारोपी बेटे की करतूत पता होने के बाद भी माता-पिता ने सबूत छिपाने की कोशिश की थी। इस पर साक्ष्य छिपाने की धाराआें में माता-पिता पर भी कार्रवाई की गई है।
सतीश के सात वर्षीय बेटे शिवा की 14 मई को उसके चचेरे भाई अनीश ने ईंट से कूंचकर हत्या कर दी थी। बालक का शव अगले दिन घर से 150 मीटर दूर प्राथमिक विद्यालय के निकट रमेश के निर्माणाधीन मकान में लहूलुहान हालत में मिला था। परिजनों व ग्रामीणाें की आशंका पर पुलिस ने उसके चचेरे भाई अनीश उर्फ बउवा को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने बच्चे की मां को सबक सिखाने के लिए हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी अनीश को गिरफ्तार किया था। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया था। विवेचना के दौरान अनीश के पिता रविप्रकाश व मां रामदेवी की हत्या के साक्ष्य छिपाने में संलिप्तता मिली। इस पर उन दोनों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।