मौरावां। पति से विवाद के बाद महिला ने साढ़े तीन साल पहले दो बेटी व एक बेटे के साथ सई नदी में छलांग लगा दी थी। महिला तो बच गई थी पर डूबने से बच्चों की मौत हो गई थी। पति ने पत्नी पर बच्चों की हत्या का आरोप लगा रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वांछित चल रही महिला को पुलिस ने उसके पिता के घर से गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने उसे जेल भेजा है।
रायबरेली बछरावां के गांव मुबारकपुर सांपो निवासी रिंकी पत्नी सूरजपाल का 18 नवंबर 2017 को घर में खाना बनाने को लेकर पति से विवाद हो गया था। नाराज रिंकी दूसरे दिन तड़के सुबह अपनी पुत्री अंशिता (9), पलक (6) व पुत्र आयुष (4) को लेकर घर से निकली और गांव से पांच किमी दूर कंजेश्वर सई घाट पर पहुंचकर नदी में छलांग लगा दी थी। पानी के बहाव से चारों मौरावां थानाक्षेत्र के गांव लोहरामऊ के निकट आ पहुंचे थे। ग्रामीणों ने इन्हें नदी से निकालकर पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस सभी को सीएचसी मौरावां ले गई थी। वहां तीनों बच्चों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। रिंकी की जान बच गई थी। 19 दिसंबर 2020 को रिंकी के पति ने पत्नी के खिलाफ रायबरेली के बछरावां थाना में बच्चों की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटनास्थल मौरावां थाना क्षेत्र होने से मुकदमा इसी थाने को स्थानांतरित कर दिया गया था। घटना में वांछित चल रही रिंकी को पुलिस ने बुधवार को उसके पिता बेचालाल के घर घर रायबरेली के ग्राम कन्नावा से गिरफ्तार कर लिया।