उन्नाव। कानपुर से लखनऊ की ओर जा रही जयपुर-गोमती नगर एक्सप्रेस के सामने उन्नाव-कानपुर रेल मार्ग के गेट पर युवक ने लाल रंग का अंगौछा लहराया। ट्रेन चालक ने खतरा होने का अनुमान लगाते हुए ट्रेन को रोक दिया। बाद में पता चला कि किसी तरह का कोई खतरा नहीं था। इस पर आरोपी को गेटमैन ने पकड़ कर आरपीएफ को दे दिया। आरपीएफ ने रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
करोवन गांव निवासी संजय अपने साथियों के साथ उन्नाव-कानपुर रेलमार्ग पर स्थित रेलवे क्रासिंग पर खड़ा था। तभी कानपुर से लखनऊ की ओर जा रही जयपुर-गोमती नगर एक्सप्रेस ट्रेन को देख संजय शरारत करते हुए रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर लाल रंग का अंगौछा लहराने लगा। आगे खतरा होने का अनुमान लगाते हुए चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। यह देख गेटमैन ने लोगों की मदद से संजय को पकड़ लिया। आगे किसी प्रकार का खतरा न होने की जानकारी के बाद चालक ने ट्रेन आगे बढ़ाई। बाद में चालक ने मगरवारा व उन्नाव जंक्शन के स्टेशन मास्टर को घटना की जानकारी दी। सूचना पर आरपीएफ पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के अनुसार उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि उसके अंगौछा लहराने से ट्रेन रोक दी जाएगी।