उन्नाव। शहर के आईबीपी चौराहा स्थित ट्रांसफार्मर के खुले तारों में करंट की चपेट में आकर मजदूर की जान चली गई। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कई दिनों से ट्रांसफार्मर के खुले तार जमीन पर पड़े थे। विद्युत विभाग इसकी अनदेखी करता रहा।
जवाहर नगर निवासी 50 वर्षीय इरशाद उर्फ पप्पू मजदूरी कर अपना गुजारा करता था। गुरुवार दोपहर इरशाद आईबीपी चौराहा के पास लगे ट्रांसफार्मर के पास पहुंचा और धूप अधिक होने पर छांव में बैठ गया। इस दौरान उसका हाथ सड़क तक फैले हाईटेंशन लाइन के तार पर पड़ गया। करंट लगने से वह चिपक गया। चीख सुनकर लोग पहुंचे लेकिन करंट होने से कोई उसे बचा नहीं पाया। पुलिस ने विद्युत आपूर्ति बंद कराई और इरशाद को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा भाई अशफाक व बहन सफीना शव देख बेहाल हो गए। भाई ने बताया कि इरशाद कई दिनों से काम न होने से इधर-उधर घूम रहा था। विद्युत विभाग के एक्सईएन एससी शर्मा ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। विद्युत सुरक्षा विभाग को भी रिपोर्ट भेजी गई है।