पुरवा। सूने घर से चोरों ने नगदी-जेवर समेत लाखों का सामान पार कर दिया। फील्ड यूनिट टीम की मदद से पुलिस ने सुराग तलाशने की कोशिश की लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा।
कोतवाली क्षेत्र के पासाखेड़ा गांव निवासी मोहित चौधरी विदेश (दोहा कतर) में कपड़े में प्रेस करने का कार्य करता था। ढाई वर्ष पहले वह विदेश से घर आ गया और यहीं प्राइवेट नौकरी कर रहा था। मोहित के अनुसार 20 मई को उसकी पत्नी आरती की तबीयत खराब हो गई।
जिस कारण वह अपने मायके मिर्रीकला चली गई और वहीं इलाज शुरू किया। 22 मई को वह पत्नी को देखने ससुराल पहुंचा। रात अधिक होने से वहीं रुक गया। 23 मई रविवार की सुबह वह घर पहुंचा तो मेन गेट में अंदर से कुंडी बंद देख उसके होश उड़ गए।
बगल वाले छोटे गेट से वह अंदर गया तो कमरों के ताले टूटे व अलमारी बक्सों का सामान बिखरा मिला। मोहित के अनुसार चोर उसकी मां व बहन के अलावा पत्नी और दो पुत्री के जेवर व 19 हजार की नगदी समेत पांच लाख का सामान पार कर ले गए। मोहित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के खोजी कुत्ते को बुलाया।
खोजी कुत्ता घर के अंदर से सूंघते हुए निकला और पीछे के रास्ते से लगभग 400 मीटर दूर मदन मास्टर के दरवाजे तक पहुंचा। यहां से वह लौट आया। सीओ रघुवीर सिंह ने घटना की जानकारी लेकर जल्द खुलासे का भरोसा दिलाया।