बीघापुर। खड़ंजे से ट्रैक्टर हटाने के विवाद में किसान पर हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने दो हमलावरों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने गैरइरादतन हत्या में रिपोर्ट दर्ज की है।
महाई गांव निवासी किसान उमाकांत पटेल शनिवार 10 बजे घर से 200 मीटर दूर गांव के किनारे खड़ंजे पर ट्रैक्टर खड़ा कर अपने घूरे से गोबर की खाद मजदूराें से भरवा रहा था। इसी दौरान दुबेपुर से दहेज का सामान लेकर झगरपुर बारासगवर जा रही डीसीएम खड़ंजे पर ट्रैक्टर खड़ा देख रुक गई। डीसीएम सवार लोगों ने खड़ंजे से ट्रैक्टर हटाने के लिए कहा। ट्रैक्टर न हटने पर तीन लोग हाथ में डंडे व लोहे का रॉड लेकर नीचे उतरे और पेड़ के नीचे बैठे उमाकांत से तुंरत ट्रैक्टर हटाने को कहा। उमाकांत के अनसुनी करने पर सभी ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। सिर में डंडा व लोहे का रॉड लगने से उमाकांत लहूलुहान होकर गिर गए। थोड़ी ही देर में उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने हमलावरों में बारासगवर थाना क्षेत्र के झगरपुर गांव निवासी सरजू व मोनू को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। तीसरा आरोपी भाग निकला। उमाकांत की पत्नी शशिप्रभा व परिवारीजनों का रोकर बुरा हाल रहा। मृतक के दो विवाहित पुत्रों में बड़ा शिवाकांत गोवा में और छोटा शशिकांत लखनऊ में प्राइवेट नौकरी करते हैं। शशिकांत घर पहुंचा और पिता का शव देख बदहवास हो गया। सीओ कृपाशंकर कनौजिया ने बताया कि शशिकांत की तहरीर पर सरजू, मोनू व राहुल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। मोनू व सरजू मारपीट में शामिल थे। परिजनों ने राहुल को भी नामजद किया है। उसे भी हिरासत में लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट से मौत की पुष्टि हुई है।