गंजमुरादाबाद। घर से पशुबाड़े जा रही महिला को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचल दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर समेत भाग निकला।
थाना बेहटामुजावर के ग्राम रूरी सादिकपुर के मजरा दीनाखेड़ा निवासी रामखेलावन की 45 वर्षीय पत्नी रामदेवी उर्फ सुशीला शनिवार सुबह 8:30 बजे घर से कुछ दूरी पर स्थित पशुबाड़े जा रही थी। रास्ते में तेज रफ्तार ट्रैक्टर उसे कुचलते हुए निकल गया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंचे परिजन शव देख बेहाल हो गए। पुलिस के मुताबिक ट्रैक्टर इसी गांव के मजरा कुमेरखेड़ा निवासी शिवमंगल चला रहा था। उसकी तलाश की जा रही है। रामदेवी की मौत से पति रामखेलावन, बेटी पूनम (10), शिल्पी (15), माधुरी (18) और बेटे रिंकू (12) और सूरज (20) का रोकर बुरा हाल है।