हसनगंज। कोतवाली क्षेत्र के मोहद्दीनपुर गांव में गुरुवार को देर रात चुनावी रंजिश में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। हारे प्रधान प्रत्याशी पक्ष से छह लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी हसनगंज में भर्ती कराया गया, जहां से दो को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
मोहद्दीनपुर गांव निवासी अनीता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दिवंगत नवनिर्वाचित प्रधान रामकली पक्ष के मदन, बच्चन, निर्मल, विशाल, सुमित व गोपाल गुरुवार को घर पर लाठी-डंडों लेकर पहुंचे और गाली गलौज शुरू कर दी। उसके विरोध करने पर हमला कर दिया। हमले में उसके अलावा सुनीता, कुंवारा, केशन, मोनू, सोनू घायल हो गए। सभी को सीएचसी हसनगंज में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर केशन व कुंवारा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया कि उसने व अन्य घायलों ने हारे प्रत्याशी संजय का प्रधानी चुनाव में समर्थन किया था। इसी से प्रधान पक्ष के लोग रंजिश मानते हैं। जिसको लेकर उन्होंने घटना को अंजाम दिया। सीओ राजकुमार शुक्ला ने बताया कि तहरीर के आधार पर मारपीट, बलवा समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।