बांगरमऊ। दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। एक-दूसरे पर डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना में दोनों पक्षों से सात लोग घायल हो गए। सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर तीन लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। ग्रामीणों ने हमलावरों से छीना एक तमंचा व दो बाइकें पुलिस को दी हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
सुरसेनी गांव निवासी हाजी नफीस ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गुरुवार दोपहर वह गांव के ही अफजाल व हसीन के साथ टूल्लू पंप में आई खराबी को सही कराने के लिए ग्राम पलिया के मजरा बसंतखेड़ा निवासी बोरिंग मिस्त्री देवलाल के घर गया था। देवलाल ने टूल्लू पंप की मोटर सही करने से मना कर दिया। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद गाली-गलौज शुरू हो गई। देवलाल ने अपने बेटे नंगा, डब्बू के साथ डंडा, बांका से हमला बोल दिया। इससे सभी घायल हो गए। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से हाजी नफीस को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं दूसरे पक्ष से देवलाल की पत्नी दामिनी ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि हाजी नफीस अपने दो अज्ञात साथियों के साथ उसके घर पहुंचे और जबरन टुल्लू पंप की मोटर ठीक कराने का पति पर दबाव बनाया। घर में स्लैब पड़ने का हवाला देकर मोटर ठीक करने से पति ने मना किया तो सभी ने जातिसूचक गालियां देकर बेटी से अभद्रता की। विरोध करने पर धारदार हथियार व तमंचे की बट से हमला कर दिया। पिटाई से उसे, बेटी, बेटे सुमित व दो अन्य लोग घायल हो गए। सीएचसी से दामिनी व रेशमा को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।