गंजमुरादाबाद। मंगलवार रात चुनावी रंजिश में हुए पथराव में कोतवाली में बंद एक युवक को खाना देकर लौट रही उसकी मां ने दो लोगों पर बेटी से दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है।
एक गांव में प्रधान पद के दो प्रत्याशियों के समर्थक मंगलवार को आपस में भिड़ गए थे। एक पक्ष के समर्थकों ने दूसरे पक्ष के समर्थक के घर पर पथराव किया था। पुलिस ने दोनों पक्षों से दो लोगों को हिरासत में लिया था। कोतवाली में बंद एक युवक की मां का आरोप है कि बुधवार सुबह वह 20 वर्षीय बेटी के साथ कोतवाली में बंद बेटे को खाना देकर घर लौट रही थी। रास्ते में गांव के चार लोग उसे व बेटी को जंगल की ओर खींच ले गए। वहां पर उसे बंधक बनाकर दो लोगों ने बेटी से दुष्कर्म किया। सीओ बीनू सिंह ने बताया कि बांगरमऊ कोतवाल अनिल सिंह मामले की जांच कर रहे हैं। कोतवाल के अनुसार चुनाव की रंजिश में आरोप लगाने जाने की बात सामने आ रही है। निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाएगी।