उन्नाव। पुलिस ने चुनाव में खपाने के लिए हरियाणा से लाई जा रही लगभग 50 लाख कीमत की एक ट्रक शराब पकड़ी है। इस दौरान पुलिस द्वारा चार चौपहिया वाहन व तीन से चार तस्करों को भी गिरफ्तार करने की चर्चा है।
एएसपी शशिशेखर सिंह के निर्देश पर पुलिस लगातार अवैध शराब के परिवहन पर नजर रख रही थी। इसी दौरान बांगरमऊ व सदर कोतवाली के प्रयास से कन्नौज की ओर से जिले में दाखिल हुए हरियाणा की देसी शराब से भरे ट्रक को पुलिस ने चालक समेत कब्जे में ले लिया।
सूत्रों के अनुसार ट्रक में पुलिस को लगभग 800 पेटी देसी शराब मिली है। जिसकी कीमत 50 लाख से अधिक बताई जा रही है। पुलिस द्वारा ट्रक को रास्ता दिखाने वाले 4 चौपहिया वाहन व तीन से चार लोगों को गिरफ्तार करने की चर्चा है। हालांकि अभी तक पुलिस खुलासे से बचती नजर आ रही है। सूत्रों के अनुसार पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क से पर्दा हटाने के प्रयास में है।
---
बेटे की मौत के गम में मां ने दुनिया छोड़ी
नवाबगंज। कस्बे के दुर्गागंज मोहल्ला निवासी पंकज गुप्ता का प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान चार दिन पूर्व निधन हो गया था। परिवारीजन अभी दुख से उबर भी न पाए थे कि बुधवार शाम को पंकज की मां बिंदेश्वरी (65) ने भी बेटे की मौत के सदमे में दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार बेटे की मौत के बाद से बिंदेश्वरी अवसाद में रह रही थी। बेटे की मौत के सदमे में चार दिन से उन्होंने खाना पीना भी छोड़ दिया था। चर्चा है कि मृतक पंकज की सबसे छोटी बेटी की भी हालत बहुत खराब है। परिवार में कोहराम मचा है।
---