फतेहपुर चौरासी/बांगरमऊ। फतेहपुर चौरासी व बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में दो घरों में आग से गृहस्थी का लाखों का सामान जलकर राख हो गया। लेखपाल ने आग से हुए नुकसान का आकलन कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट सौंपने की बात कही है।
फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खानपुर बिचौली के मजरा अल्लीपुर में सोमवार दोपहर एक बजे महादेव के घर में आग लग गई। आग से 22 क्विंटल गेहूं, भूसा, कपड़े बर्तन व 40 हजार की नगदी समेत डेढ़ लाख का सामान जलकर राख हो गया। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। पीड़ित महादेव ने बताया कि उसके घर के पास स्थित तालाब में कुछ लोग मछलियां पकड़ने के लिए आते है। उसने बीडी जलाकर फेंकने से आग लगने का अंदेशा जताया है। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के बिल्हौर मार्ग पर पंचूपुरवा गांव निवासी छेदीलाल के घर में आग लग गई। आग से 10 हजार का गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया।