उन्नाव। सात जगहों पर आग से 35 बीघा फसल व कपड़ा दुकान में हजारों का सामान जलकर राख हो गया। तीन जगहों पर दमकल समय पर नहीं पहुंच सकी। राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन किया।
फतेहपुर चौरासी के रूपपुर पावा गांव में गुरुवार दोपहर आग से अभिलाष की दो बीघा, धर्मेंद्र सिंह की डेढ़ बीघा, ज्ञानेंद्र सिंह, बालेंद्र सिंह, मुदित सिंह, मायावती की आठ-आठ बिसुवा, राजूरतन शाह निवासी अरजानीपुर की पांच बीघा, चंचलादेवी निवासी परशुरामपुर दो बीघा, मुन्नीदेवी निवासी राजेपुर की दो बीघा गेंहू की फसल जल गई। पीड़िताें ने 14 बीघा गेहूं की फसल जलने की बात कही है। बिहार थाना क्षेत्र के भगवंतनगर-भइयाखेड़ा संपर्क मार्ग के किनारे खेतों में गुरुवार दोपहर बिजली के तारों में स्पार्किंग से आग लग गई। रामलखन सिंह, ओम प्रकाश सिंह, देवी चरन समेत छह किसानों की पांच बीघा फसल जलकर राख हो गई। बांगरमऊ नगर स्थित बाईपास मार्ग के किनारे कूड़े के ढेर में गुरुवार दोपहर आग लग गई। पास में ही शिवकुमार के कटे पड़े ढाई बीघा गेहूं की फसल को चपेट में ले लिया। असोहाके समाधा गांव के बाहर नन्हकऊ तेली, साजिद अली व तीन अन्य लोगों की चार बीघा फसल जल गई। पुरवा के जोतपुर चंदीगढ़ी के पास रामअवतार, बदलू व राधेश्याम की चार बीघा फसल जल गई। अचलगंज के गड़सर गांव में जंगली पासी व जेवाखेड़ा गांव के मछरीलाल की तीन बीघा फसल में आग लग गई। पुरवा के राजाबाजार में रेडीमेड कपडे़ की दुकान में आग लगने से हजारों का नुकसान हो गया।