असोहा। कुकर्म के बाद बच्चे की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने दूसरे दिन गिरफ्तार कर लिया। गांव के अन्य बच्चों से पूछताछ के आधार पर पुलिस हत्यारोपी तक पहुंची। हत्यारोपी पांच रुपये देने के बहाने बच्चे को गांव के बाहर ले गया था। कुकर्म के बाद हत्या कर दी थी।
असोहा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी नौ वर्षीय बच्चा सोमवार रात होली पर गांव में बज रहे डीजे पर अपने बड़े भाई के साथ डांस करने गया था। मंगलवार सुबह बालक का शव गांव के पास ही सूखे तालाब में मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कुकर्म और तेज प्रहार से फेफड़े फटने से उसकी मौत की पुष्टि हुई थी। गले में भी चोट के निशान मिले थे। बच्चे के पिता की तहरीर पर गांव के पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। एसपी ने स्वॉट टीम को भी खुलासे में लगाया था। स्वॉट प्रभारी गौरव कुमार ने डीजे पर डांस करने वाले बच्चों से पूछताछ की तो पता चला कि बच्चा रात में पड़ोस में रहने वाले अजय कुमार के साथ देखा गया था। जांच के दौरान खोजी कुत्ता भी हत्योरापी अजय के घर के बाहर रुका था। आरोपी अजय के गांव में न होने पर पुलिस का शक गहरा गया। उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की। मंगलवार रात वह गांव पहुंचा तो पुलिस ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे की हालत में था। बच्चे को पांच रुपये देने का बहाना कर गांव के बाहर सूखे तालाब में ले गया और कुकर्म किया। बच्चे ने शिकायत करने की बात कही तो उसे घूसों से पीटकर मरणासन्न करने के बाद उसी की पैंट से गला कस दिया। एसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कुकर्म व पाक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई हैं।