पाटन (उन्नाव)। होली पर घर आए युवक का शव मंगलवार देर शाम घर से कुछ दूरी पर खेत में पेड़ से लटका मिला। देर शाम वह मोबाइल और पर्स छोड़कर घर से निकला था। मां की डांट से क्षुब्ध होकर युवक द्वारा जान देने की चर्चा है। युवक लखनऊ में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था।
बिहार थाना क्षेत्र के पनहन गांव निवासी पंकज कुशवाहा (23) पुत्र राममोहन लखनऊ में प्राइवेट नौकरी करता था। परिवार में मां के अलावा एक अविवाहित बड़ा भाई है, जबकि बहन की शादी हो चुकी है। होली पर पंकज घर आया था। चर्चा है कि परिवार के खर्च में हाथ न बंटाने को लेकर मां ने उसे डांट दिया था। जिससे क्षुब्ध होकर वह मंगलवार देर शाम पर्स व मोबाइल घर में रखकर निकल गया। लगभग एक घंटे बाद उसके घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। गांव के बाहर जनमेजय के खेत में आम के पेड़ से उसका शव लटका देख परिजन व ग्रामीण दंग रह गए। पुलिस ने शव को नीचे उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पंकज की मौत से मां बिट्टो देवी व भाई पवन का बुरा हाल है।